राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
लखीमपुर खीरी ; शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद भीरा-पलिया मार्ग पर पानी चल रहा है। जिससे स्थानीय लोगों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिस पर शनिवार को डीएम दुर्गाशक्ति नागपाल और एसपी गणेश प्रसाद साहा इसी मार्ग से होते हुए पलिया तहसील के तमाम गांवों पर पहुंचे और बाढ़ की हकीकत जानी।
सबसे पहले अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र श्रीनगर पहुंचे। स्थानीय लोगों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक का मुआयना कर एसडीएम कार्तिकेय सिंह को बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के आदेश दिए। डीएम-एसपी ने एनएचएआई के सड़क मार्ग पर अतरिया में जल निकासी दूसरी तरफ किए जाने के उद्देश्य से ह्यूम पाइप डालने वाले कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा डीएम-एसपी ने तहसील, ब्लाक पलिया के बाढ़ प्रभावित गांव बसंतापुरकला, मकनपुर का भ्रमण कर पीड़ितों का दर्द जाना। ग्रामीणों से वार्ता कर भोजन पैकेट, खाद्यान्न किट वितरण कर अद्यतन स्थिति जानी। वहीं निरीक्षण में गन्ने की फसल खराब मिलने पर उन्होंने एसडीएम को मुआवजा के लिए सर्वे करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बुखार से पीड़ित शालिनी के घर स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी।












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































