देश के पूर्व प्रधानमंत्री, महान अर्थशास्त्री, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ0 मनमोहन सिंह जी का कल गुरुवार को लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी के साथ पूरे देश में शोक की लहर है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ0 मनमोहन सिंह जी के निधन पर पार्टी मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी के झंडे को झुका दिया गया है तथा पार्टी द्वारा अपने सभी कार्यक्रमों को अगले सात दिनों तक स्थगित कर दिया गया है। श्री हिंदवी ने बताया कि कांग्रेस का केन्द्रीय नेतृत्व के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री श्री अजय राय जी स्व0 मनमोहन सिंह जी दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे और पुण्य आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों से संवेदना व्यक्त की।


इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री श्री अजय राय ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इतिहास में डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके गरिमामय आचरण, सार्वजनिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, अथाह ज्ञान और विनम्रता के लिए हमेशा याद रखा जायेगा। स्व0 सिंह अपने पीछे आर्थिक सुधारों, राजनीतिक स्थिरता और प्रत्येक भारतीय के जीवन के उत्थान के लिए समर्पण की विरासत छोड़ गए हैं। पहले एक टेक्नोक्रेट के रूप में और फिर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सामाजिक कल्याण पर ध्यान देने के साथ आर्थिक समृद्धि और विश्व मानचित्र पर भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए याद किया जाएगा। स्व0 मनमोहन सिंह जी अपने शांत स्वभाव लेकिन असरदार नेतृत्व के लिए विख्यात थे। वह एक सिद्धांतवादी व्यक्ति थे, जिन्होंने देश के कल्याण के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ कठोर निर्णय लिए। राय ने कहा कि एक नेता के रूप में, डॉ. मनमोहन सिंह जी के फैसले भारतीय समाज के हर पहलू पर गहराई से छाप छोड़ गए हैं। राजनीतिक सहयोगियों, विरोधियों और विश्व नेताओं से उन्होंने जो विश्वास और सम्मान अर्जित किया, वह उनके गहरे प्रभाव का प्रमाण है। राय ने कहा कि डॉ0 मनमोहन सिंह जी एक राजनेता, एक विद्वान, एक दूरदर्शी- भारत के सबसे गौरवान्वित पुत्रों में से एक थे उनका जाना बेहद दुखद है। स्व0 डॉ मनमोहन जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु कल दिनांक 28 दिसंबर 2024 को सायं 5ः00 बजे प्रदेश के सभी जनपदों में कांग्रेसजनों द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की जायेगी। इसी क्रम में कल लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित होने वाली शोक सभा में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री श्री अजय राय जी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *