बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) के पूर्व पति और मशहूर बिज़नेसमैन संजय कपूर (Sunjay Kapur) के निधन के बाद उनकी विशाल प्रॉपर्टी (Property) को लेकर पारिवारिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह मामला अब कोर्ट की चौखट पर पहुंच चुका है जिसमें करिश्मा कपूर के बच्चों ने भी पिता की संपत्ति में हिस्सा मांगने के लिए याचिका दायर की है। इस विवाद में संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव (Priya Sachdev) पर उनकी सास रानी कपूर (Rani Kapur) और ननद द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर प्रिया ने अब चुप्पी तोड़ते हुए बड़ा पलटवार किया है।

आरोप और पलटवार

1. वसीयत और हेरफेर का आरोप

बुधवार को करिश्मा कपूर के बच्चों की याचिका पर सुनवाई हुई जिसमें दावा किया गया है कि प्रिया सचदेव ने पिता की वसीयत (Will) से छेड़छाड़ की है। रानी कपूर ने भी अदालत में यही दावा किया था और कहा था कि प्रिया ने वसीयत की असली जानकारी छिपाई है और लगातार हेरफेर कर रही हैं। रानी कपूर के वकील ने पैसा विदेश में ट्रांसफर करने का भी शक ज़ाहिर किया था।

प्रिया के वकील राजीव नायर ने इन आरोपों को बेबुनियाद और आधारहीन बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “संपत्ति की हर डिटेल पहले ही फाइल कर दी गई है जिसमें हर ट्रांसजेक्शन (Transaction) की लिस्ट शामिल है। कोई भी पैसा विदेश नहीं भेजा गया है।”

2. संजय कपूर की सैलरी का विवाद

रानी कपूर के आरोपों में संजय कपूर को सालाना 60 करोड़ रुपये तनख्वाह मिलने का ज़िक्र था। प्रिया के वकील ने इस पर स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने बताया, “संजय कपूर 2023-24 में कंपनी के निदेशक थे। उन्हें सलाना 10 करोड़ रुपये की सैलरी मिली और 50 करोड़ रुपये का बोनस मिला। इसमें से ₹23.5 करोड़ TDS (टैक्स) कट गया और हाथ में ₹36.5 करोड़ आए।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि इन पैसों में से ₹28.5 करोड़ रुपये अचल संपत्ति (Immovable Property) और लंदन की प्रॉपर्टी पर खर्च किए गए।

3. प्रिया का सासू मां पर बड़ा दावा

प्रिया सचदेव ने पलटवार करते हुए सासू मां रानी कपूर पर गंभीर आरोप लगाया है। प्रिया के वकील ने कहा कि संजय कपूर के निधन के बाद भी रानी कपूर सोना कॉमस्टार (Sona Comstar) की होल्डिंग फर्म AIPPL कंपनी से लगातार पैसा ले रही हैं। वह हर महीने ₹21.5 लाख रुपये लेती हैं। प्रिया का कहना है कि रानी कपूर आज भी उसी तरह से खर्चा ले रही हैं जैसे अपने बेटे के जीवित रहते हुए लेती थीं और उनके पर्सनल खर्चे भी कंपनी से ही चल रहे हैं।

फिलहाल यह संपत्ति विवाद कोर्ट में है और इस हाई-प्रोफाइल मामले में आगे की सुनवाई का इंतज़ार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *