राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ थाना कोतवाली में भारतीय किसान यूनियन (BKU) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता 3 दिसंबर 2024 को गौतम बुद्ध नगर में किसानों और महिलाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
गौतम बुद्ध नगर में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान 3 दिसंबर को पुलिस प्रशासन ने निहत्थे किसानों और महिलाओं पर लाठीचार्ज किया। इसके बाद सैकड़ों किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि जब उत्तर प्रदेश के किसान और पदाधिकारी नोएडा की ओर जा रहे थे, तो उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार किया गया या उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया।
गोला कोतवाली में प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक गौतम बुद्ध नगर में गिरफ्तार किसानों को रिहा नहीं किया जाएगा और नजरबंद किए गए नेताओं को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस धरने में संगठन मंत्री प्रदीप शुक्ला ‘श्यामू’, जिला अध्यक्ष सरदार दिलबाग सिंह ‘संधू’, मुख्तार सिंह, गुरनाम सिंह, बलबीर सिंह, हरदयाल सिंह, त्रिभुवनत लाल, विमलेश कुमार, आदेश संग्राम सिंह, और आंचल यादव सहित दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि यह धरना प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के थानों में आयोजित किया जा रहा है।