The District Magistrate inaugurated the National Deworming Day campaign by administering medicine to children.
  • February 10, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ आज जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने प्राथमिक विद्यालय बबुरा में बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के प्रति जागरूक भी किया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का मुख्य उद्देश्य 01 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोरों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना है, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, इसलिए इस अभियान में सभी की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के छह विकास खण्ड—कड़ा, कौशाम्बी, मंझनपुर, मूरतगंज, नेवादा एवं सिराथू में विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से 01 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल टेबलेट खिलायी जायेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से दवा का सेवन कराएं। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए तथा दवा वितरण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा, प्रभारी चिकित्साधिकारी मंझनपुर डॉ. नीरज सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *