“सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित बिल्ली खनन क्षेत्र में रासपहरी के क्रशर प्लांट पर हथियारबंद लोगों ने हमला कर गाड़ियों और ऑफिस में तोड़फोड़ की। नकदी और दस्तावेज ले जाने का आरोप, पुलिस ने तीन नामजद सहित कई अज्ञात पर केस दर्ज किया।“
हाइलाइट्स:
- सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र में वारदात
- बिल्ली खनन क्षेत्र के रासपहरी स्थित क्रशर प्लांट पर देर रात हमला
- गाड़ियों, मशीनरी और ऑफिस में जमकर तोड़फोड़
- नकदी व जरूरी दस्तावेज ले जाने का आरोप
- तीन नामजद समेत आधा दर्जन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
सोनभद्र। जिले के सोनभद्र अंतर्गत ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली खनन क्षेत्र स्थित रासपहरी में गुरुवार देर रात हथियारबंद हमलावरों ने एक क्रशर प्लांट पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने प्लांट परिसर में खड़ी गाड़ियों और कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद पूरे खनन क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़ित क्रशर संचालक कृष्णा गुप्ता (निवासी शिव नगर, ओबरा) के अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे गिट्टी कारोबार से जुड़े धीरू, अजय और केशव यादव सहित लगभग आधा दर्जन लोग लाठी-डंडों से लैस होकर प्लांट परिसर में पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
हमलावरों ने परिसर में खड़े वाहनों के शीशे और लाइटें तोड़ दीं। मशीनरी व अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद आरोपी कार्यालय में घुस गए और टीवी सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान व फर्नीचर को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि कार्यालय में रखी नकदी और आवश्यक दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावरों की पहचान स्पष्ट दिखाई दे रही है। जाते समय आरोपियों ने संचालक और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नामजद सहित लगभग आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने कहा कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना के बाद बिल्ली खनन क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है और कारोबारियों में रोष देखा जा रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































