राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखीमपुर खीरी : बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड की गोला इकाई द्वारा ग्राम गनेशपुर में वृहद किसान मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर उन्नत गन्ना खेती की वैज्ञानिक जानकारियां प्राप्त कीं।
मंच पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक आशुतोष मधुकर, गन्ना समिति गोला के सचिव बलवन्त चौधरी, इकाई प्रमुख राकेश यादव, जमनाबाद शोध केन्द्र से आए वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सरनाम सिंह, कृषि विज्ञान केन्द्र से डॉ. प्रदीप बिसेन तथा चीनी मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक (गन्ना) पी.एस. चतुर्वेदी मौजूद रहे।
गोष्ठी में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने बसंतकालीन गन्ना बुवाई के लिए उन्नतशील प्रजातियां को० 0118, को० 15023, कोलख० 14201 तथा निचले क्षेत्रों के लिए को० 98014 व कोलख० 94184 की बुवाई करने हेतु किसानों को प्रेरित किया। साथ ही हरियाणा 119 (HR), कोशा० 91269 एवं पीबी० 95 जैसी अनामित व अस्वीकृत प्रजातियों की बुवाई न करने की सलाह दी। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सरनाम सिंह ने संतुलित खाद एवं वैज्ञानिक पद्धति से खेती के गुर बताए, जबकि डॉ. प्रदीप बिसेन ने कीट एवं रोग नियंत्रण के यांत्रिक, जैविक और रासायनिक उपायों की विस्तार से जानकारी दी। वरिष्ठ महाप्रबंधक (गन्ना) पी.एस. चतुर्वेदी ने किसानों को बीज चयन में सावधानी बरतने, बीज के रूप में गन्ने के ऊपरी दो-तिहाई हिस्से की बुवाई करने तथा चार फीट की दूरी पर ट्रेंच विधि से गन्ना लगाने के लाभ बताए। उन्होंने गहरी जुताई से मिट्टी की जलधारण क्षमता बढ़ने, वायु संचार बेहतर होने और उत्पादन में वृद्धि की जानकारी दी। भूमि उपचार हेतु ट्राइकोडर्मा एवं बीज उपचार के लिए फफूंदीनाशक थायोफिनेट मिथाइल अनुदान पर उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी गई। साथ ही बताया गया कि उन्नत प्रजातियों का शुद्ध एवं निरोग बीज मिल के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर वितरित किया जा रहा है। किसानों को यह भी अवगत कराया गया कि मिलगेट एवं क्रय केन्द्रों पर खुली खरीद की जा रही है। जिन किसानों के पास आपूर्ति योग्य गन्ना अवशेष है, वे अपना कोड नंबर देकर पर्ची प्राप्त कर गन्ना आपूर्ति कर सकते हैं। गोष्ठी के दौरान गन्ना खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मेले में सहफसली खेती, पेड़ी प्रबंधन, भूमि व बीज उपचार तथा कृषि यंत्रों का लाइव प्रदर्शन किया गया। विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से किसानों को गन्ना खेती से संबंधित उत्पादों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर गन्ना समिति गोला के उपाध्यक्ष संतोष वर्मा, संचालक श्याम सिंह, संजय सिंह, योगेश वर्मा, पूर्व संचालक वीरेन्द्र वर्मा, प्रगतिशील कृषक राजेन्द्र शर्मा, सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) ओ.डी. शर्मा, प्रबंधक (गन्ना) सत्येन्द्र कुमार मिश्र, संजीव चौधरी सहित मिल एवं समिति के गन्ना विकास कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































