
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विजय उर्फ गप्पू के रूप में हुई है। घटना अहिंडर गांव की है। परिजनों ने रविवार तड़के देखा कि पप्पू का शव जमीन पर पड़ा है। मृतक के गले पर धारदार हथियार के वार किए गए थे। उसके चेहरे पर भी खरोंच के निशान थे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक विजय उर्फ गप्पू करीब एक माह पहले हरियाणा से लौटकर आया था। वह मजदूरी करता था। मृतक के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि विजय की शादी हुई थी। उसकी पत्नी की एक साल पहले ही मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि विजय का गांव में किसी से विवाद नहीं है। उसकी हत्या क्यों की गई यह समझ में नहीं आ रहा है। मृतक के परिवार में मां सुंदरी, बड़ा भाई पप्पू है।