
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क ।शिमला भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है, राज्य के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आने से पहले बारिश होने से बिजली, यातायात और संचार व्यवस्था बाधित हुईं है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों में अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आयी है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शिमला में 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री कम है। कल्पा में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, मनाली में 10.3 डिग्री और सोलन में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय शहरों में भी सामान्य से तीन से छह डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। निचले पर्वतीय और मैदानी इलाकों में नाहन में न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। धर्मशाला में 17.4 डिग्री, कांगड़ा में 15.4 डिग्री और ऊना में 16.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बिलासपुर में 17.9 डिग्री और पालमपुर में 13.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो 6.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्शाता है। मौसम विभाग ने चार और पांच जून के लिए विभिन्न जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है और इसके बाद शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया गया है, साथ ही तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग ने सलाह जारी की गयी है कि लोग बिजली गिरने के दौरान अपने घरों के अंदर रहें तथा जलभराव और यात्रा में व्यवधान के जोखिम से बचने के लिए जिला-स्तरीय अलर्ट का पालन करने को कहा है।