“दिव्यांग महिला BLO SIR टारगेट पूरा कर अमेठी की राजरानी ने समय से पहले 753 फॉर्म अपडेट किए। पैर से विकलांग होने के बावजूद बेटे के सहारे घर-घर जाकर SIR प्रक्रिया पूरी की। SDM ने सम्मानित करने और परिवार संग डिनर पर ले जाने की घोषणा की।”
अमेठी । दिव्यांग महिला BLO SIR टारगेट पूरा करते हुए अमेठी जनपद की बीएलओ राजरानी ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसकी पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है। जहां एक ओर प्रदेश के कई जिलों में BLO पर बढ़ते काम के बोझ से तनाव और मौत जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं अमेठी की दिव्यांग महिला BLO ने अपने बूथ पर 100 प्रतिशत SIR फॉर्म समय सीमा से पहले पूरा कर एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
पूरा मामला तहसील तिलोई क्षेत्र के संग्रामपुर गांव के बूथ संख्या 212 का है। यहां की बीएलओ राजरानी पैर से दिव्यांग हैं और बिना सहारे चलना-फिरना मुश्किल है। शारीरिक चुनौती और घरेलू जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने SIR कार्य को देशहित का दायित्व समझकर प्राथमिकता दी।
राजरानी ने अपने गांव के 753 मतदाताओं के SIR फॉर्म अपडेट करके जनपद में सबसे पहले 100% लक्ष्य पूरा किया। काम को तेज़ करने के लिए उन्होंने बेटी को घर की जिम्मेदारियां सौंप दीं और बेटे के सहारे घर-घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म भरवाए। मतदाताओं को समझाने और अपडेट कराने में उन्होंने दिन-रात मेहनत की।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उपजिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने घोषणा की कि राजरानी को सम्मानित किया जाएगा और उनके परिवार के साथ उन्हें विशेष रूप से डिनर पर आमंत्रित किया जाएगा।
प्रदेश में SIR प्रक्रिया को लेकर जहां चुनौतियां बढ़ी हैं, वहीं राजरानी का काम न सिर्फ प्रशंसनीय है बल्कि अन्य BLO के लिए प्रेरणास्रोत भी बन गया है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”
विशेष संवाददाता – मनोज शुक्ल































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































