DM-SP conducted surprise inspection of examination centres
  • January 17, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा शनिवार को जनपद लखीमपुर खीरी में कड़ी सुरक्षा, सतर्क निगरानी एवं प्रशासनिक अनुशासन के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा जिले के कुल 25 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें प्रथम पाली में 14 तथा द्वितीय पाली में 11 केंद्रों पर परीक्षा सम्पन्न कराई गई। जनपद में कुल 10,060 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से प्रथम पाली में 3,202 तथा द्वितीय पाली में 2,809 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। वहीं प्रथम पाली में 2,260 और द्वितीय पाली में 1,789 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी गई। किसी भी केंद्र से अव्यवस्था, नकल अथवा अनुशासनहीनता की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। निरीक्षण में जुटे डीएम-एसपी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा स्वयं मॉनिटरिंग मोड में रहे। उनके द्वारा जीआईसी, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षार्थियों को शांत, सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को सतर्क, अनुशासित एवं संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती, आयोग की रही सीधी निगरानी

परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। आयोग द्वारा नामित समन्वयी पर्यवेक्षकों ने भी केंद्रों की सतत निगरानी की। इस संपूर्ण परीक्षा व्यवस्था में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अनिल कुमार रस्तोगी ने सहायक नोडल अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सकुशल सम्पन्न होने पर डीएम ने दी बधाई

सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा के शांतिपूर्ण, नकलविहीन, सुव्यवस्थित एवं निर्विघ्न सम्पन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने परीक्षा के सफल संचालन में योगदान देने वाले नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल सहित परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शुभकामनाएं एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *