लखनऊ के चार होनहारों ने रचा इतिहास

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखनऊ : सिटी मॉन्टेसरी स्कूल के चार मेधावी छात्रों ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आई.ए.एस.) परीक्षा में चयनित होकर लखनऊ और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। चयनित छात्रों में अमन तिवारी (रैंक 74), प्रशान्त सिंह (रैंक 102), रजत सिंह (रैंक 132) और अनुश्री सचान (रैंक 220) शामिल हैं। इन छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और सी.एम.एस. के सकारात्मक शैक्षणिक माहौल को दिया।

सी.एम.एस. की प्रबंधक गीता गांधी किंगडन ने छात्रों की सफलता पर हर्ष जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ये छात्र भविष्य में उच्च पदों पर आसीन होकर समाज में बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं। किंगडन ने शिक्षकों को भी बधाई दी और बताया कि छात्रों की मेहनत, लगन और अनुशासन से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है।

इन छात्रों की सफलता ने सी.एम.एस. परिवार को गौरवांवित कर दिया है। प्रशांत सिंह ने अपने चयन के बाद कहा कि उनकी सफलता के पीछे सी.एम.एस. का मजबूत शैक्षिक ढांचा और प्रेरणादायक वातावरण है। अनुश्री ने बताया कि सी.एम.एस. का कोर्स छात्रों को आई.ए.एस. जैसी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के लिहाज से विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है।

गौरतलब है कि चारों छात्र अलग-अलग शाखाओं से पढ़े हैं — अमन तिवारी और प्रशांत सिंह सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैंपस से, अनुश्री आर.एन.आई.टी. मुंबई से बी.टेक कर चुकी हैं और रजत सिंह ने भी सी.एम.एस. गोमती नगर से शिक्षा ग्रहण की है। इन सभी ने अपने शिक्षकों, संस्थान और परिजनों का आभार जताते हुए देश सेवा की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button