“लूथरा ब्रदर्स को गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में थाईलैंड से दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया है। गोवा पुलिस ने सौरभ और गौरव लूथरा को कस्टडी में लेकर गोवा ले जाने की तैयारी की है।”
हाईलाइट :
- लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड से दिल्ली एयरपोर्ट लाए गए
- दिल्ली एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद रही गोवा पुलिस
- सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को एयरपोर्ट से ही हिरासत
- गोवा नाइट क्लब में आग से 25 लोगों की मौत
- हादसे के बाद आरोपी देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे
लूथरा ब्रदर्स को गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के मामले में थाईलैंड से भारत लाया गया है। सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया, जहां गोवा पुलिस की टीम पहले से मौजूद रही।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही गोवा पुलिस ने दोनों आरोपियों को अपनी कस्टडी में ले लिया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लूथरा ब्रदर्स को विशेष विमान से गोवा ले जाया जाएगा, जहां उनसे मामले को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि गोवा के एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जांच में सामने आया था कि नाइट क्लब में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी की गई थी। हादसे के तुरंत बाद लूथरा ब्रदर्स देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे।
गोवा पुलिस ने इंटरपोल और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें भारत वापस लाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान क्लब संचालन, फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
इस मामले को गोवा के सबसे बड़े नाइट क्लब हादसों में से एक माना जा रहा है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































