“राज्यसभा में जेपी नड्डा और मल्लिकार्जुन खरगे के बीच तीखी बहस। नड्डा ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्हें ‘अबोध बालक’ कहा और कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया।“
हाइलाइट्स :
- जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को नाम लिए बिना ‘अबोध बालक’ कहा
- खरगे पर कांग्रेस को गलत नेतृत्व का बंधक बनाने का आरोप
- मोदी सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार: नड्डा
- खरगे ने सत्ता पक्ष पर लोकतंत्र कुचलने का आरोप लगाया
नई दिल्ली। राज्यसभा में गुरुवार को उस समय सियासी पारा चढ़ गया, जब सदन के नेता और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के बीच तीखी बहस हो गई। संसद की कार्यवाही को लेकर दोनों नेताओं के बीच हुई इस जुबानी जंग में राहुल गांधी भी निशाने पर रहे।
जेपी नड्डा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्हें ‘अबोध बालक’ करार दिया और खरगे से कड़ा आग्रह किया कि वे अपनी पार्टी को ऐसे व्यक्ति का बंधक न बनने दें।
जेपी नड्डा ने खरगे को संबोधित करते हुए कहा, “आप हमसे बहुत सीनियर हैं। मैं आपसे निवेदन करना चाहता हूं कि अपनी पार्टी को अबोध बालक का बंधक मत बनने दीजिए।”
उन्होंने आगे कहा कि अबोधता और अहंकार का मिश्रण बेहद घातक होता है और कांग्रेस को ऐसे नेतृत्व से बाहर निकलने की आवश्यकता है। नड्डा ने यह भी जोड़ा कि लोकतांत्रिक तरीके से ही संसद को चलाया जाना चाहिए।
“अबोधता और अहंकार का मिश्रण खतरनाक” – जेपी नड्डा
राज्यसभा में बोलते हुए जेपी नड्डा ने कहा, “आप हमसे बहुत सीनियर हैं। मैं आपसे निवेदन करता हूं कि अपनी पार्टी को अबोध बालक का बंधक मत बनने दीजिए। अबोधता और अहंकार का मिश्रण डेडली होता है।”
नड्डा ने आगे कहा कि कांग्रेस को इस मानसिकता से बाहर निकलना होगा और पार्टी के भीतर भी यह समझाना होगा कि लोकतांत्रिक तरीके से ही संसद चलती है, बाधा डालकर नहीं।
मोदी सरकार चर्चा को तैयार, विपक्ष पर आरोप
जेपी नड्डा ने साफ शब्दों में कहा कि- “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हर विषय और हर समय चर्चा के लिए तैयार है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि “लोकसभा में पीएम मोदी जवाब देने के लिए मौजूद थे लेकिन विपक्ष ने सदन की कार्यवाही नहीं चलने दी“
राज्यसभा में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर विपक्ष के सवाल पर नड्डा ने कहा कि पीयूष गोयल ने इस पर बयान दिया और जैसे ही पूरा विवरण तैयार होगा, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
किरेन रिजिजू ने भी विपक्ष पर साधा निशाना
इससे पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्ष को संसद की कार्यवाही बाधित नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने राहुल गांधी को बोलने नहीं देने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया और कहा कि “राहुल गांधी को निर्धारित समय से 20 मिनट अधिक बोलने का मौका दिया गय लेकिन उन्होंने बार-बार स्पीकर की रूलिंग का उल्लंघन किया।”
खरगे का पलटवार: “सत्ता पक्ष अहंकार में है”
जेपी नड्डा और सरकार पर हुए आरोपों के जवाब में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी तीखा हमला बोला।
खरगे ने कहा-
“लोकसभा और राज्यसभा मिलकर संसद बनती है। अगर एक सदन में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया जाएगा, तो दूसरे सदन में उसका असर दिखेगा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष अहंकार में है, लोकतंत्र को कुचला जा रहा है, विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































