“बहराइच में तेंदुआ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग के रमपुरवा गांव में घर के बाहर खेल रही 4 साल की मासूम को तेंदुआ उठा ले गया, गन्ने के खेत में बच्ची का शव मिला।“
हाइलाइट्स :
- बहराइच के रमपुरवा गांव में तेंदुए का खूनी हमला
- घर के बाहर खेल रही 4 साल की मासूम को उठा ले गया तेंदुआ
- गन्ने के खेत में लहूलुहान हालत में मिला शव
- कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग क्षेत्र की घटना
- ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग पर उठे सवाल
बहराइच। बहराइच में तेंदुआ का आतंक एक बार फिर सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत रमपुरवा गांव में तेंदुए ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। गुरुवार को घर के बाहर खेल रही चार साल की मासूम बच्ची को तेंदुआ उठाकर गन्ने के खेत में ले गया, जहां कुछ ही देर बाद उसका शव मिला।
जानकारी के अनुसार, रमपुरवा गांव निवासी मनोज की चार साल की बेटी अनुष्का अपनी बहनों और पड़ोस के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से निकलकर आए तेंदुए ने अचानक हमला कर बच्ची को उठा लिया।
मासूम की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों के साथ तेंदुए का पीछा किया। करीब 50 मीटर दूर स्थित गन्ने के खेत में तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने खेत में खोजबीन की तो बच्ची लहूलुहान हालत में पड़ी मिली।
आनन-फानन में परिजन बच्ची को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में भारी आक्रोश है।
यह इलाका कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत आता है, जहां पहले भी तेंदुए और अन्य जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है।
घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































