
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ । हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में महान वीरांगना, पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की जन्म त्रिशताब्दी स्मृति अभियान-2025 के अंतर्गत एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द दिवेदी ने की। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय और वरिष्ठ नेता नीरज सिंह शामिल हुए। वही इस संगोष्ठी में सुधीर हलवासिया, महानगर उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक विवेक सिंह तोमर, घनश्याम अग्रवाल, सौरभ वाल्मीकि, सीता नेगी, हर शरण लाल गुप्ता, सतीश मिश्रा, चेतन सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में मंडल अध्यक्ष, पार्षद व भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर का जीवन संघर्षपूर्ण होते हुए भी अत्यंत प्रेरणादायी रहा। उनके अनुकरणीय कार्यों और महान चरित्र के कारण उन्हें “पुण्यश्लोक” की उपाधि दी गई। उन्होंने बताया कि 21 से 31 जनवरी तक चलने वाले इस स्मृति अभियान के अंतर्गत स्कूलों व कॉलेजों में दौड़, पेंटिंग और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। संजय राय ने बताया कि देवी अहिल्याबाई के सम्मान में विभिन्न घाटों पर आरती की जाएगी तथा उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से विशेष महिला सम्मेलनों का आयोजन भी इस अभियान का हिस्सा रहेगा। वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होलकर का पूरा जीवन समाज के लिए एक आदर्श है। उन्होंने वेदों और उपनिषदों के अध्ययन के माध्यम से समाज में सांस्कृतिक उत्थान किया और धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी रानी अहिल्याबाई के विचारों से प्रेरणा लेकर आम जनमानस को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चला रही है।