राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संवाद लोकतंत्र की पहली शर्त है। संवाद के माध्यम से समस्याओं का निराकरण कर कारोबारी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और जीवन सुगमता ईज ऑफ लिविंग के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। हम जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं दे सकें, कॉमनमैन यानि आमजन की अधिक से अधिक सुनवाई कर सकें, यही लोकतंत्र की सफलता का मूल है। सीएम योगी सोमवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में बने नगरीय सेवा केंद्र अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर और सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 14.22 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को सिर्फ सामान्य नागरिक के तौर पर नहीं देखा जाता है बल्कि जनता जनार्दन कहकर संबोधित किया जाता है। हमें लोकतंत्र की इसी भावना को अंगीकार कर आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आजादी के अमृत वर्ष में इसने 200 वर्षों तक शासन करने वाले ब्रिटेन को पछाड़कर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव हासिल किया था और अब यह जापान को पीछे छोड़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। सीएम योगी ने कहा कि देश की समृद्धि हम सबके जीवन का ध्येय होना चाहिए। इसी भाव से उत्तर प्रदेश ने विगत आठ वर्षों से पीएम मोदी के मार्गदर्शन में नगरीकरण के विस्तार का अभियान प्रारंभ किया है। पहले गोरखपुर की स्थिति नगर पंचायत जैसी रही होगी। विकास यात्रा में अब नगर निगम के स्वरूप में इसकी गिनती प्रदेश के बड़े महानगरों में होती है। रोड, रेल, एयर कनेक्टिविटी, पर्यटन विकास, सफाई-स्वच्छता, वंचितों के लिए बेहतरीन सुविधाओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश के पांच करोड़ लोगों के लिए शिक्षा, चिकित्सा, कारोबार और रोजगार का केंद्र है। सिविल लाइंस में अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर और सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर के लिए नगर निगम की तारीफ करते हुए कहा कि जब लोगों को नई सुविधाओं से आच्छादित करते हैं तो व्यापारियों के लिए कारोबारी सुगमता और आमजन के लिए जीवन सुगमता बढ़ती है। अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर से 16 वार्डों के लोगों को एक ही स्थान पर नगर निगम की जरूरी सुविधाएं मिल जाएंगी तो सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर में बुजुर्गों को स्वास्थ्य, अध्ययन और मनोरंजन की भरपूर सहूलियत मिल जाएगी। आज गोरखपुर बदल रहा है। बदलते गोरखपुर से आमजन को जोड़ना होगा। कोई भी बदलाव तभी सफल होता है जब आमजन उसे आंदोलन के रूप में लेता है। सुविधा कुछ लोगों तक सीमित रहने पर वह सफल नहीं होगी। नई व्यवस्था से जब आमजन जुड़ेगा तभी स्मार्ट सिटी की मंशा पूरी हो पाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेहतर सफाई की स्थिति को बनाए रखने के लिए मोहल्ला सफाई समितियां बनाने, सड़क को आवागमन के लिए सुगम बनाने हेतु वेंडिंग जोन बनाने, दिन में स्ट्रीट लाइट न जलने देने का आह्वान किया। इसमें नागरिकों को भी दायित्व निभाना होगा। सीएम योगी ने नगर निगम को मानसून से पहले आगाह किया।बरसात में कहीं जलजमाव न होने पाए, इसके लिए नगर निगम अभी से तैयारी शुरू कर दे। नाले-नालियों की सफाई और सिल्ट का निस्तारण समय रहते कर लिया जाए। प्लास्टिक पर प्रतिबंध कड़ाई से लागू किया जाए। पूर्व की तुलना में नगर में जल निकासी की व्यवस्था मजबूत हुई है। अब यह शहर जलमग्न होने के लिए नहीं जलनिकासी के लिए जाना जाता है। गोड़धोइया नाला परियोजना पूर्ण होते ही जलनिकासी की व्यवस्था और सुदृढ़ हो जाएगी। यह परियोजना टूरिज्म स्पॉट भी बनेगी। इस अवसर पर सीएम ने कर संग्रह में नगर निगम के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सहायक नगर आयुक्त सहित कई कार्मिकों को प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित भी किया।लोकार्पण समारोह में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी के विजन से आज गोरखपुर विकास की नई आभा के साथ चमक रहा है। बुजुर्गों के लिए एक नगर निगम को शानदार डे केयर सेंटर बनाने की प्रेरणा देकर उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों का दिल जीत लिया है। सांसद ने कहा कि सीएम के मार्गदर्शन में बना अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट का अद्भुत संगम है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सीएम योगी की प्रेरणा से गोरखपुर नगर निगम तेजी से विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नगर निगम की प्रमुख विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गोरखपुर में बना सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर बुजुर्गों के सम्मान और उनकी सेवा-सुविधा के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, पूर्व महापौर अंजू चौधरी, सत्या पांडेय, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी,महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव, नगर निगम के उप सभापति धर्मदेव चौहान, पार्षद अजय राय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *