ससुरालियों ने की थी युवक की हत्या

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।

हरदोई : हरपालपुर थाना क्षेत्र में करीब तीन माह पहले हुई युवक की हत्या के रहस्य से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए युवक के साले व साढ़ू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


हत्या की यह वारदात नवंबर वर्ष 2023 में हरपालपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर निवासी रामकुमार का बेटा दीपक अपनी ससुराल ग्राम मलौथा गया था। वहां से अचानक वह लापता हो गया था। जिस पर पिता रामकुमार ने तीन माह पहले हरपालपुर थाने में दीपक की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। बताते हैं कि वक्त बीतने के बाद भी पुलिस ने खुलासे में दिलचस्पी नहीं दिखाई। हालांकि अब एसपी की सख्ती के बाद एक्टिव हुई थाना पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया है। सीओ हरपालपुर रवि प्रकाश  ने बताया कि दीपक की हत्या के आरोप में दीपक के साले विपिन, साढ़ू अनुराग व उसके साथी राजा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार ससुराल में दीपक का पत्नी मीना से विवाद हो गया था। जिस पर ससुर बटेश्वर, साले विपिन व साढ़ू अनुराग ने रूमाल से गला घोंटकर दीपक की हत्या कर दी थी। बाद में एक एक युवक राजा की सहायता से दीपक का शव बिल्हौर-कानपुर नगर के नानामउ पुल से गंगा नदी में फेंक दिया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button