छत पर सोती 18 वर्षीय युवती को दबंगों ने मारी गोली, मौके पर मौत

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : मल्लावां थाना क्षेत्र के जरेरा गांव में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जब घर की छत पर सो रही 18 वर्षीय युवती संगीता को दबंगों ने गोली मार दी। गोली की आवाज़ से नींद से जागे पिता रामपाल जब छत पर पहुंचे, तो बेटी को खून से लथपथ हालत में पाया। परिजनों के मुताबिक, गांव के ही प्रेमचंद उर्फ कल्लू और उसका चाचा का बेटा वारदात के बाद भागते नजर आए। मृतका की मां साधना और छोटी बहन ने भी आरोपियों को भागते देखा। परिजन दौड़े लेकिन आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ बिलग्राम रविप्रकाश सिंह ने बताया कि युवती के शरीर पर शॉटगन का निशान मिला है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस तहरीर के आधार पर जांच और कार्रवाई में जुट गई है। इस सनसनीखेज हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button