राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में महिला स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं ने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को सशक्त किया है, बल्कि समाज में भी उनका सम्मान बढ़ा है। विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों की दीदियों ने सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ है।
दिसम्बर माह 2024 में विद्युत सखियों ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 4607 सखियों द्वारा 5 लाख 27 हजार विद्युत बिलों का रिकॉर्ड कलेक्शन किया, जिससे कुल 180 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा हुई। इसके साथ ही इन सखियों ने 2 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की कमीशन राशि भी अर्जित की।
बाराबंकी की राज श्री शुक्ला ने सबसे अधिक 3907 बिलों का कलेक्शन कर 1 करोड़ 36 लाख रुपये जमा किए और 1 लाख 70 हजार रुपये कमीशन कमाए। आगरा की कुसुमलता और बाराबंकी की लक्ष्मी देवी व देवकी ने भी क्रमशः 1 लाख 39 हजार और 1 लाख 33 हजार रुपये की कमीशन राशि अर्जित की। इसके अलावा, कई अन्य सखियों ने भी 1 लाख रुपये से अधिक कमीशन प्राप्त किया।