धर्म सभा इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित हुआ विशाल स्वास्थ्य मेला

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला : नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 के अंतर्गत धर्म सभा इंटर कॉलेज के मैदान में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस जनसेवी कार्यक्रम के माध्यम से हजारों नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं औषधियां उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य मेले का विधिवत उद्घाटन राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा-प्रधान आयोजनों से समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचती हैं और चिकित्सा सेवा को राष्ट्रसेवा का प्रभावी माध्यम बनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संगठनों की सराहना करते हुए इसे समाजहित का अनुकरणीय प्रयास बताया। उद्घाटन के उपरांत नागरिकों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए चिकित्सा शिविरों का लाभ उठाया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि 06 एवं 07 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य सेवा यात्रा के अंतर्गत 90 चिकित्सकों की टीम ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं, जिससे 25 हजार से अधिक नागरिक लाभान्वित हुए। विशेषज्ञ चिकित्सकों की रही सहभागिता इस स्वास्थ्य सेवा यात्रा में राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) सहित लखीमपुर, शाहजहांपुर एवं हरदोई के मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविरों में फिजिशियन, दंत रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, आयुर्वेद, कैंसर, बाल रोग, शल्य चिकित्सा, नेत्र एवं हृदय रोग विशेषज्ञों की विशेष सहभागिता रही। स्वास्थ्य जागरूकता और जांच पर विशेष जोर

यात्रा के दौरान नागरिकों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। प्रमुख रूप से व्यक्तिगत एवं दंत स्वच्छता, संतुलित आहार, मासिक धर्म स्वच्छता, कुपोषण रोकथाम, कैंसर जागरूकता, तंबाकू एवं नशा मुक्ति, एनीमिया, रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के 90 से अधिक चिकित्सकों एवं चिकित्सा छात्रों ने निःस्वार्थ भाव से सेवाएं प्रदान कीं। निघासन, पलिया और लखीमपुर क्षेत्र में आयोजित शिविरों एवं स्वास्थ्य मेले के माध्यम से लगभग 25 हजार नागरिकों को निःशुल्क जांच, दवाइयां और परामर्श उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य सेवा यात्रा न केवल रोगों की रोकथाम और जनस्वास्थ्य संवर्धन का कार्य कर रही है, बल्कि चिकित्सकों में राष्ट्रीयता, नैतिकता और सेवा भावना को भी सुदृढ़ कर रही है। मुख्य वक्ता डॉ. संजय भट्ट ने बताया कि विगत पांच वर्षों से नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (अवध एवं गोरक्ष प्रांत) एवं श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास द्वारा यह यात्रा सतत रूप से संचालित की जा रही है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ स्वास्थ्य शोध को भी प्रोत्साहित कर रही है। सहयोगी संगठनों का रहा योगदान

इस आयोजन को सफल बनाने में सीमा जागरण मंच, एकल अभियान, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सेवा भारती, विद्या भारती, वनवासी कल्याण आश्रम, आरोग्य भारती एवं विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न राष्ट्रसेवी संगठनों का सहयोग रहा। अंत में नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमा रमण मिश्रा ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, चिकित्सा छात्रों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में विभाग प्रचारक अभिषेक, सह विभाग प्रचारक अविनाश, जिला कार्यवाह संजीव, जिला सह कार्यवाह अमरेश, जिला संघचालक अवधेश, सेवा भारती जिलाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, प्रधानाचार्य अरविंद सिंह, विभाग संपर्क प्रमुख नीरज सिंह, वाई.पी. सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button