त्योहारों से पहले प्रशासन अलर्ट: पिहानी कोतवाली में शांति समिति की बैठक सम्पन्न

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : आगामी महाशिवरात्रि होली और रमजान पर्वों को लेकर शनिवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अंकित तिवारी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजीत चौहान ने जनता से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

एसडीएम अंकित तिवारी और सीओ अजीत चौहान ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना नहीं बल्कि सभी नागरिकों की खुशियों को सुरक्षित रखना है। कोतवाली प्रभारी छोटे लाल ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया और ग्रामीणों को पुलिस के सहयोग का आश्वासन दिया।

सीओ अजीत चौहान ने भूरेश्वर मंदिर में होने वाले कीर्तन और धार्मिक आयोजनों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि परंपराएं हमारी धरोहर हैं लेकिन नियमों का पालन आवश्यक है। उन्होंने मंदिर परिसर में लगे कैमरों की जांच और साफ-सफाई के निर्देश भी दिए।

रमजान और होली के एक साथ पड़ने के मद्देनजर एसडीएम ने विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि होली का रंग किसी इबादतगाह या रंग से परहेज करने वाले व्यक्ति पर न डाला जाए। उन्होंने बड़ों से बच्चों को समझाने और भाईचारे का संदेश देने का आग्रह किया।

अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट को साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग वास्तविक जीवन की शांति भंग नहीं करने दिया जाएगा।

कोतवाली प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि होली पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों और तीन सवारी बाइक चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, कोई सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी। नाबालिगों को बाइक चलाने देने वाले अभिभावकों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीजे संचालकों को भी निर्देश दिए गए कि वे केवल शांतिपूर्ण संगीत बजाएं, जिससे किसी को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button