बड़े मियां–छोटे मियां सुभानअल्ला: यूपी में एंट्री को तैयार ओवैसी ब्रदर्स

अकबरुद्दीन ओवैसी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को चुनौती देते हुए यूपी आने का ऐलान किया। रमजान के बाद असदुद्दीन ओवैसी भी यूपी में सियासी दौरे शुरू करेंगे।

हाइलाइट्स :

• अकबरुद्दीन ओवैसी ने योगी आदित्यनाथ को खुली चुनौती दी
• रमजान के बाद यूपी में असदुद्दीन ओवैसी का दौरा तय
• AIMIM ने यूपी में 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया
• अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ने के संकेत
• यूपी चुनाव से पहले सियासी माहौल हुआ गरम

अभयानंद शुक्ल
कार्यकारी संपादक

लखनऊ। बिहार और महाराष्ट्र में हालिया सियासी सफलताओं के बाद ओवैसी ब्रदर्स का आत्मविश्वास चरम पर है। बड़े ओवैसी यानी एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी जहां पश्चिम बंगाल और असम की राजनीति में सक्रिय हैं, वहीं छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी ने सीधे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती दे दी है।

अकबरुद्दीन ओवैसी ने साफ शब्दों में कहा है— “तैयार हो जाओ योगी, मैं यूपी आ रहा हूं।” उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

रमजान के बाद यूपी में एंट्री करेंगे बड़े ओवैसी

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, रमजान के बाद असदुद्दीन ओवैसी यूपी का सियासी दौरा शुरू करेंगे। AIMIM के प्रदेश महासचिव मोहम्मद सलमान ने भी इसकी पुष्टि की है। वहीं, फिलहाल यूपी में माहौल गरमाने की जिम्मेदारी अकबरुद्दीन ओवैसी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली संभाल रहे हैं।

200 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि पार्टी उत्तर प्रदेश की 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सियासी जानकारों का मानना है कि अगर AIMIM ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई, तो इसका सीधा असर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के वोट बैंक पर पड़ सकता है।

मौलानाओं की अपील और दबाव

ओवैसी के यूपी प्लान के बाद कई मुस्लिम धर्मगुरुओं और संगठनों ने मुस्लिम एकता की दुहाई देते हुए उन्हें चुनाव से दूर रहने की सलाह दी है। महाराष्ट्र के मौलाना नदवी, अरशद मदनी, महमूद मदनी और मौलाना जर्जिस अंसारी जैसे नेता ओवैसी को रोकने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन AIMIM पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रही।

‘15 मिनट वाले ओवैसी’ का बयान

तेलंगाना के निकाय चुनाव प्रचार के दौरान अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा—
“यह मुल्क जितना भगवा वालों का है, उतना ही टोपी वालों का भी है।”
उन्होंने दावा किया कि AIMIM यूपी में भी कामयाबी का झंडा गाड़ेगी।

संभल मस्जिद और सियासी लाइन

महाराष्ट्र चुनाव प्रचार के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने संभल की मस्जिद का जिक्र करते हुए साफ कर दिया था कि यूपी चुनाव में उनकी रणनीति हिंदू बनाम मुस्लिम राजनीति पर ही केंद्रित रहेगी। उन्होंने कहा था कि वे “एक और मस्जिद कुर्बान नहीं होने देंगे।”

यूपी में बढ़ेगा सियासी तापमान

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जैसे-जैसे यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आएंगे, योगी बनाम ओवैसी की राजनीति और तीखी होती जाएगी। फिलहाल योगी आदित्यनाथ की ओर से इस चुनौती पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जवाब आने की पूरी संभावना है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button