थाना वाल्टरगंज का एएसपी ओ.पी. सिंह ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  बस्ती : जिले के अनुशासित और सक्रिय अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ओ.पी. सिंह ने शुक्रवार को थाना वाल्टरगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान एएसपी सिंह ने सबसे पहले शस्त्रागार में रखे शस्त्रों का निरीक्षण किया और उनके रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाने की साफ-सफाई व्यवस्था को भी परखा और संबंधित कर्मियों को परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए।

चौकीदारों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और ड्यूटी के प्रति जिम्मेदारी से कार्य करने को कहा। थाने में जब्त वाहनों की स्थिति की भी उन्होंने गंभीरता से समीक्षा की और दस्तावेजी सुसंगति पर जोर दिया।

फरियादियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार को प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए एएसपी ने स्पष्ट कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने हवालात का निरीक्षण किया तथा महिलाओं की सुविधा के लिए स्थापित “पिंक बूथ” की व्यवस्थाओं को भी सराहा।

ओ.पी. सिंह का यह निरीक्षण यह दर्शाता है कि वह कानून-व्यवस्था को लेकर न सिर्फ सजग हैं, बल्कि थानों में आमजन की सुविधा और सम्मान को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उनकी कार्यशैली को लेकर पुलिस महकमे और स्थानीय नागरिकों में सकारात्मक चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button