बाल विद्या मंदिर एलुमनी मीट 2025 लखनऊ में भावनाओं और उपलब्धियों का संगम

“Bal Vidya Mandir Alumni Meet 2025 Lucknow में 1964 से 2025 तक के पूर्व छात्रों ने सहभागिता की। मेधावी छात्रों, शिक्षकों के सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य आयोजन संपन्न।”

लखनऊ । बाल विद्या मंदिर सी.से. स्कूल, चारबाग, लखनऊ में रविवार को एलुमनी मीट 2025 का आयोजन उत्साह और भावनात्मक माहौल में किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1964 से 2025 तक के पूर्व छात्रों ने सहभागिता कर अपने विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को ताजा किया। इस अवसर पर अधिवक्ता, आईटी विशेषज्ञ, प्रोफेसर, उद्यमी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्र उपस्थित रहे। सभी का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आर.के. पाण्डेय ने गर्मजोशी के साथ किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं श्रद्धेय चंद्रभानु गुप्त जी के चित्रों पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
गणेश वंदना, विद्यालय का कुलगीत “जो सफर कभी रुका नहीं” और नन्हें विद्यार्थियों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

खेलकूद और मनोरंजन में दिखा उत्साह

श्री चंद्रभानु स्पोर्ट्स हब में आयोजित खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में पूर्व छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे आयोजन में जीवंतता बनी रही।

मेधावी छात्रों और शिक्षकों का सम्मान

सत्र 2024-25 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10 और 12 के छात्रों को सम्मानित किया गया।सेवा निवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करते हुए वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती आशा भार्गव को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। पूर्व शिक्षकों एवं पूर्व छात्रों के निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रधानाचार्य का संदेश

प्रधानाचार्य डॉ. आर.के. पाण्डेय ने कहा कि किसी भी विद्यालय की वास्तविक पहचान उसके छात्रों की प्रतिभा, चरित्र और समाज में योगदान से होती है। उन्होंने एलुमनी मीट को स्मृतियों को जोड़ने और विद्यालय से आजीवन संबंध बनाए रखने का माध्यम बताया।

विशिष्ट पूर्व छात्रों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में कर्नल शैलेन्द्र उत्तम, भातखंडे विश्वविद्यालय में कार्यरत तबला वादक तुषार सहाय, भारतीय सेना में जज एडवोकेट जनरल अधिकारी सुश्री जाह्नवी गुप्ता सहित कई विशिष्ट पूर्व छात्र मौजूद रहे। पंडित गोपीकृष्ण पुरस्कार से सम्मानित नृत्य कलाकार श्री आयुष जायसवाल ने अपनी सुंदर प्रस्तुति दी।

सामूहिक भोज के साथ समापन

कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। पूरा आयोजन पूर्व छात्रों और संस्थान के बीच मजबूत होते संबंधों और नई ऊर्जा का प्रतीक बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button