भव्य कलश यात्रा के साथ लल्हौआ में प्रारम्भ हुआ विराट 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : विकास खंड मितौली क्षेत्र के ग्राम लल्हौआ स्थित श्रीकृष्ण चन्द्र प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में रविवार को विराट 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं पावन प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारम्भ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला सैकड़ों की संख्या में माताओं एवं बहनों ने पीत वस्त्र धारण कर सिर पर जल कलश लेकर कलश यात्रा में भाग लिया। यात्रा ग्राम लल्हौआ से प्रारम्भ होकर कैमीभूड़ होते हुए रतहरी स्थित कष्ट हरण धाम, निकट कठिना नदी तक पहुंची, जहां से जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल वापस लौटी। मां गायत्री के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।देव पूजन मुख्य यजमान रामकुमार सिंह व मीना सिंह साथ ही कलश पूजन जिला मंत्री बृजेश सिंह व अंजली सिंह ने किया। यज्ञ स्थल पर विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश स्थापना संपन्न कराई गई। कार्यक्रम का संचालन शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे आचार्य अमरपा एवं आचार्य सत्य नारायण सत्य के सानिध्य में हुआ। गायत्री परिवार लल्हौआ के कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों माताओं-बहनों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। युग ऋषि वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण में यह कार्यक्रम मानव मात्र को सद्बुद्धि प्रदान कर सन्मार्ग की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत 10 नवम्बर से 14 नवम्बर तक प्रतिदिन प्रातः गायत्री महायज्ञ, सर्वतोभद्र पूजन, संगीत, प्रवचन एवं सायंकाल प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। अंतिम दिन कन्या भोज, विशाल भंडारा एवं टोली विदाई का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन सिंह, भाजपा जिला मंत्री बृजेश सिंह, बीरेंद्र यादव, मुन्ना लाल पांडे, अशोक सिंह, भूपेंद्र सिंह, पिंकू सिंह, गुड्डू सिंह, अरविंद सिंह, विजय पाल, मोहन लाल सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से यज्ञ में आहुति देकर क्षेत्र की शांति, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव की कामना की। पूरे गांव में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण छाया रहा तथा मां गायत्री के जयकारों से लल्हौआ का आकाश गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button