पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर योजना भवन में उनकी प्रतिमा के सम्मुख पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा न केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे, बल्कि देश के वरिष्ठ राजनेता भी रहे। उन्होंने अपने संघर्षों के बल पर सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण स्थान बनाया और अपने राजनीतिक जीवन में पारदर्शिता व लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी निष्ठा रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1973 से 1975 के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए बहुगुणा ने प्रदेश के विकास के लिए जो कार्य योजना बनाई, वह आज भी एक मार्गदर्शिका का कार्य कर रही है। केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। प्रयागराज उनकी कर्मभूमि रही, जहां उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

17 मार्च 1989 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा, लेकिन उनकी स्मृतियां आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button