CMS छात्र का धमाका, देश में पहला और विश्व में दूसरा स्थान

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, इन्दिरा नगर कैंपस के कक्षा-9 के मेधावी छात्र दक्ष राज सिंह ने ‘सिंगापुर एंड एशियन स्कूल मैथ ओलंपियाड (SASMO-2025)’ में भारत में प्रथम स्थान और विश्व स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर देश और लखनऊ को गौरवान्वित किया है।

सी.एम.एस. के संस्थापक-निदेशक व शिक्षाविद् डॉ. जगदीश गांधी ने इस उपलब्धि पर छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या व शिक्षकों ने भी इसे गर्व का क्षण बताया। सी.एम.एस. के हेड ऑफ कम्युनिकेशंस ऋषि खुराना ने बताया कि दक्ष ने इस ओलंपियाड में विश्व के 42 देशों के 66,000 से अधिक छात्रों को कड़ी टक्कर दी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उसने गणितीय ज्ञान व विश्लेषणात्मक क्षमताओं से अपनी मेधा का लोहा मनवाया।

गौरतलब है कि SASMO विश्व के प्रमुख गणित ओलंपियाड्स में से एक है, जिसका उद्देश्य छात्रों में तार्किक व विश्लेषणात्मक सोच को बढ़ावा देना है। यह परीक्षा छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का मौका देती है। इस जीत ने दक्ष को आगे चलकर वैश्विक स्तर पर नए अवसरों के लिए एक ठोस मंच प्रदान किया है।

सी.एम.एस. प्रबंधन ने कहा कि आधुनिक युग में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और गणितीय कौशल अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यालय अपने छात्रों को इसी दिशा में मार्गदर्शन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। दक्ष की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रेरित होकर अन्य छात्र भी निश्चय ही नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button