कोडीन सीरप विधानसभा: योगी बोले– वक्त आएगा तो बुलडोजर भी चलेगा

“कोडीन सीरप विधानसभा—यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में CM योगी आदित्यनाथ ने कोडीन कफ सीरप मामले पर बड़ा बयान दिया। 79 केस, 225 नामजद, 78 गिरफ्तार, STF जांच में जुटी, वक्त आने पर बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी।”

हाइलाइट्स :

  • प्रश्नकाल में कोडीन सीरप मुद्दे पर CM योगी का बयान
  • 79 अभियोग दर्ज, 225 आरोपी नामजद
  • अब तक 78 अभियुक्त गिरफ्तार
  • STF कर रही है पूरे नेटवर्क की जांच
  • विपक्ष और सपा सरकार पर सीधा हमला

लखनऊ। कोडीन सीरप विधानसभा—उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोडीन कफ सीरप के अवैध कारोबार के मुद्दे पर बड़ा और सख्त बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में सरकार ने केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की है।

सीएम योगी ने सदन को बताया कि कोडीन कफ सीरप के अवैध कारोबार को लेकर अब तक 79 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 225 अभियुक्तों को नामजद किया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक 78 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूरे नेटवर्क की जांच STF (स्पेशल टास्क फोर्स) कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार ने इस लड़ाई को लड़ा है और जीता है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। वक्त आएगा तब बुलडोजर भी चलेगा, बस उस वक्त चिल्लाना मत।” सीएम योगी के इस बयान पर सदन में सत्ता पक्ष की ओर से मेज थपथपाई गई।

सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कोडीन सीरप का मुद्दा उठाया जा रहा है, लेकिन सच्चाई से भागा नहीं जा सकता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आपकी मजबूरी मैं समझता हूं, चौथे पड़ाव में भी झूठ बुलवाया जा रहा है।”

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कोडीन सीरप के सबसे पहले पकड़े गए होलसेलर को वर्ष 2016 में समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान लाइसेंस दिया गया था। उन्होंने कहा कि इससे जुड़े फोटो और साक्ष्य सामने आए हैं, जिन्हें नकारा नहीं जा सकता।

अपने भाषण के दौरान सीएम योगी ने कहा, “देश में दो नमूने हैं—एक दिल्ली में बैठता है और एक लखनऊ में। जब भी गंभीर मुद्दों पर चर्चा होती है, तो दोनों देश छोड़कर चले जाते हैं।” इस टिप्पणी के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

कोडीन सीरप का मुद्दा अब विधानसभा के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति में भी केंद्र में आ गया है। आने वाले दिनों में इस पर सियासी टकराव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button