उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में डॉ. अम्बेडकर जयंती समारोह में लिया हिस्सा

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क अयोध्या : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या के देवकाली स्थित तारा जी रिज़ॉर्ट में आयोजित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके महान कार्यों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

उन्होंने कहा कि “बाबा साहब का सम्पूर्ण जीवन एक प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज में समानता, न्याय और सद्भाव के लिए पथ प्रदर्शक हैं।” उपमुख्यमंत्री ने लोगों से डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों को आत्मसात करने और एक समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी और लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी भी साझा की और जनता से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

दर्शन और समीक्षा बैठकें भी रहीं केंद्र में

समारोह के बाद उपमुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी और श्रीरामलला के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत वे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की।

उन्होंने मनरेगा, एनआरएलएम और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए अब तक हुए भुगतान और लंबित भुगतानों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही लंबित भुगतानों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर विधायक रामचंद्र यादव, अयोध्या के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, संजीव सिंह, कमलेश श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button