डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल  ने परखी शिव मंदिर कॉरिडोर की रफ्तार

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखीमपुर खीरी : गोला गोकर्णनाथ में निर्माणाधीन शिव मंदिर कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल एवं गोला विधायक अमन गिरी ने अधिकारियों की टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि यह परियोजना जनआस्था से जुड़ी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक अमन गिरी ने कार्यों में तेजी लाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मौके पर मंदिर परिसर में जल निकासी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पाई गई। इस पर डीएम ने नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ को जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कॉरिडोर में नवनिर्मित मंदिरों में पुराने मंदिरों की मूर्तियों की स्थापना का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने को कहा। मंदिर परिसर के भीतर समतलीकरण का कार्य आगामी सात दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कॉरिडोर से जुड़े वीआईपी मार्ग के चौड़ीकरण में आ रही बाधाओं को दूर करने हेतु संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि मार्ग चौड़ा होने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और तीर्थ क्षेत्र की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी।

इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर के बाहर स्थित नालों के चौड़ीकरण के लिए जल निगम एवं लोक निर्माण विभाग को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने को कहा गया। डीएम व विधायक ने परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button