कश्मीर घाटी इन दिनों शीतलहर की ताज़गी और बर्फीली खुशनुमा ठंड से भर उठी है। न्यूनतम तापमान भले ही शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा हो, लेकिन इसी ठंड ने पूरी घाटी को एक स्वर्गिक रूप दे दिया है, जिसे देखने देश–दुनिया से सैलानी लगातार पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में सोमवार रात तापमान माइनस 3.1 डिग्री सेल्सियस तक गया, यह इस मौसम की दूसरी सबसे सर्द और सबसे सुंदर रातों में से एक रही। इससे पहले रविवार को -3.2 डिग्री तापमान ने शहर को एक नर्म, चमकदार ओस और बर्फ़ की परतों से सजा दिया था।हम आपको बता दें कि शोपियां, जो दक्षिण कश्मीर का मोती माना जाता है, इस समय घाटी का सबसे ठंडा और सबसे आकर्षक स्थान बना हुआ है। यहां तापमान -5.4°C दर्ज हुआ, जिससे चारों ओर फैली सफेद चादर पर्यटकों के लिए किसी सपने जैसी दिख रही है। पुलवामा में तापमान -5°C पहुंचने के बाद यहाँ की सुबहें धुंध और पहाड़ियों की जुगलबंदी से मन मोह लेती हैं। पहलगाम, जो अमरनाथ यात्रा का आधार शिविर भी है, -4.4°C की ठंड में इन दिनों बेहद रोमांटिक और शांत माहौल समेटे हुए है। गुलमर्ग जो देश का सबसे पसंदीदा विंटर रिसॉर्ट है वहां इस वक्त -1.2°C तापमान के साथ स्कीइंग और स्नो एडवेंचर के लिए शानदार मौसम दे रहा है। वहीं जोजिला दर्रे में तापमान -16°C तक पहुंच गया है और यह इलाका बर्फ़ से ढकी चोटियों के अद्भुत नज़ारे पेश कर रहा है।हम आपको बता दें कि यह अवधि यात्रियों के लिए बेहद अनुकूल है क्योंकि सड़कें साफ़ हैं, मौसम स्थिर है और वादियां अपनी प्राकृतिक सुंदरता के शिखर पर हैं। यदि आप भी अद्भुत बर्फ़ीले नज़ारे देखना चाहते हैं, स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और विंटर एडवेंचर का मजा लेना चाहते हैं, शांत, धुंध से ढकी सुबहें देखना चाहते हैं और डल झील पर जमे हुए किनारों का अनोखा अनुभव लेना चाहते हैं, गर्मागरम कहवा और कश्मीरी व्यंजनों का असली मज़ा लेना चाहते हैं तो चले आये कश्मीर। कश्मीर इस समय सर्दी के सबसे खूबसूरत रंग बिखेर रहा है। अगर आप प्रकृति, बर्फ़, रोमांच और शांति का मिलाजुला अनुभव चाहते हैं, तो कश्मीर घाटी आपकी यात्रा के लिए बिल्कुल तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *