अक्षय तृतीया पर बाजारों में रौनक, भीड़ की संभावना से व्यापारी उत्साहित

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखनऊ : आज देशभर में अक्षय तृतीया का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह तिथि हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ मानी जाती है और इसे अबूझ मुहूर्त कहा जाता है, यानी इस दिन कोई भी शुभ कार्य बिना मुहूर्त देखे किया जा सकता है।

सुबह से ही मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चना का आयोजन किया गया है। श्रद्धालु भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान परशुराम की पूजा कर रहे हैं। लखनऊ सहित विभिन्न शहरों के मंदिरों में आज दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी उपस्थिति देखी गई है।

सोना-चांदी की खरीदारी, दान-पुण्य और नए कार्यों की शुरुआत अक्षय तृतीया की खास परंपराएं हैं। इस दिन संपत्ति, वाहन, आभूषण, कपड़े आदि की खरीद को अत्यंत शुभ माना जाता है।

बाजारों में खास रौनक का माहौल है और ज्वेलरी शोरूम्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स सहित अन्य दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ की संभावना जताई जा रही है। कई व्यापारियों ने इस अवसर पर विशेष छूट और ऑफर्स भी जारी किए हैं।

मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन किए गए पुण्य कार्यों और निवेश का फल कभी क्षय नहीं होता। यह दिन न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि आर्थिक समृद्धि और सकारात्मक शुरुआतों का प्रतीक भी माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button