राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क 

पोकरण परमाणु परीक्षण से भारत के संकल्प को किया साकार: सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर भारत के वैज्ञानिकों के योगदान को याद करते हुए 1998 में हुए ऐतिहासिक पोकरण परमाणु परीक्षण को भारत की आत्मनिर्भरता और संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस परीक्षण ने भारत को वैश्विक स्तर पर एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, पोकरण परीक्षण केवल एक वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं थी, बल्कि यह भारत के आत्मबल, संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति अटूट संकल्प का प्रतीक था। हमारे वैज्ञानिकों ने विषम परिस्थितियों में काम करते हुए इस मिशन को सफल बनाया, जिस पर आज देश को गर्व है।”

उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने यह साहसिक कदम उठाया और दुनिया को दिखा दिया कि भारत अब सिर्फ एक विकासशील देश नहीं, बल्कि एक आत्मनिर्भर और सक्षम परमाणु शक्ति है।

सीएम योगी ने इस अवसर पर विद्यार्थियों और युवाओं से भी अपील की कि वे वैज्ञानिक सोच को अपनाएं और देश की प्रगति में योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार भी प्रदेश में विज्ञान और नवाचार को प्रोत्साहन देने के लिए कई योजनाएं चला रही है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें और वे देश को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बना सकें।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर मुख्यमंत्री ने देश के वैज्ञानिकों को नमन किया और भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में उनके योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *