27–28 जनवरी को खीरी में होगा 18वाँ राष्ट्रीय मनरेगा मज़दूर मिस्त्री महामेला

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी : मनरेगा मज़दूर मिस्त्री महासंघ भारत द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 18वाँ राष्ट्रीय ग्रामीण मनरेगा मज़दूर मिस्त्री महामेला आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि संतोष कुमार शर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि महामेला का शुभारंभ 27 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे भगवान विश्वकर्मा के हवन-पूजन के साथ होगा, जबकि समापन 28 जनवरी 2026 को सायं 5 बजे किया जाएगा। महामेला का आयोजन मनरेगा मेला स्थल, ग्राम सकेथू, थाना हैदराबाद, जनपद खीरी में किया जाएगा। महामेला में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष शरद बाजपेई, शशांक वर्मा विधायक निघासन, रोमी साहनी विधायक पलिया, सौरभ सिंह सोनू विधायक कस्ता, अमन गिरी विधायक गोला, विनोद संकट अवस्थी विधायक धौरहरा, लोकेंद्र प्रताप सिंह विधायक मोहम्मदी, रवि प्रकाश वर्मा पूर्व सांसद, सुरजन लाल वर्मा पूर्व राज्यमंत्री, प्रहलाद पटेल जिला अध्यक्ष कांग्रेस तथा रामपाल सिंह यादव जिला अध्यक्ष समाजवादी पार्टी सहित कई

जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। महामेला में देशभर से मनरेगा मज़दूर मिस्त्री, विश्वकर्मा समाज के लोग, किसान, ग्राम पंचायत सदस्य, अधिवक्ता, पत्रकार, खुदरा व्यापारी, अति पिछड़े एवं अति दलित समाज की लगभग 50 जातियों के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इस दौरान उनकी सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इस अवसर पर देश में व्याप्त गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार एवं ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने की मांग को लेकर 25 सूत्रीय ज्ञापन जनपद खीरी के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन, भारत के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि यह महामेला श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देगा और देश में सामाजिक न्याय की दिशा में एक नया अध्याय लिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button