
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित विभिन्न विभागों/पटलों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखागार सहित शस्त्र अनुभाग, नजारत, संग्रह अनुभाग, आई.जी.आर.एस., निर्वाचन कार्यालय, चकबंदी कार्यालय, आबकारी कार्यालय तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियों का निस्तारण समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए तथा किसी भी पत्रावली को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए कार्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही एवं तत्परता के साथ कार्य करना सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त हो सकें।






