लखनऊ में बजट सत्र 2026 का आगाज, महंगाई-बेरोजगारी और SIR पर टकराव तय

UP Budget 2026 Live: “उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ सत्र का आगाज हुआ। विपक्ष SIR, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरने को तैयार है।

हाइलाइट्स :

  • यूपी विधानमंडल का बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू
  • राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से सत्र का आगाज
  • वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना पेश करेंगे आर्थिक सर्वे
  • योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट
  • SIR, महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर विपक्ष का हमला
  • 20 फरवरी तक प्रस्तावित है सदन की कार्यवाही

लखनऊ । UP Budget 2026 Live के तहत उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बहुप्रतीक्षित बजट सत्र आज सोमवार, 9 फरवरी 2026 से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से हुई, जिसमें सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका पेश किया गया।

इसके बाद वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा प्रदेश की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, जो आगामी बजट की दिशा और प्राथमिकताओं का संकेत देगी।

योगी सरकार का अंतिम बजट, सियासी टकराव तय

यह बजट सत्र इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि योगी आदित्यनाथ सरकार अपने दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट पेश करने जा रही है। ऐसे में सरकार जहां विकास और उपलब्धियों को लेकर आक्रामक रुख अपनाएगी, वहीं विपक्ष इस सत्र को सरकार के लिए कठिन बनाने की रणनीति बना चुका है।

SIR बना सत्र का सबसे बड़ा मुद्दा

इस बार के बजट सत्र में SIR (Special Intensive Revision / गहन सर्वेक्षण रिपोर्ट) सबसे बड़ा सियासी मुद्दा बनकर उभरा है।
समाजवादी पार्टी पहले ही साफ कर चुकी है कि वह फॉर्म-7 के जरिए बड़े पैमाने पर वोट काटने के कथित षड्यंत्र को सदन में जोर-शोर से उठाएगी।

विपक्ष का आरोप है कि SIR के नाम पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है, जबकि सत्तापक्ष इन आरोपों को सिरे से खारिज करता रहा है।

महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर भी सरकार घिरेगी

SIR के अलावा विपक्षी दल महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी समस्याएं
को लेकर भी सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को निर्देश दिए हैं कि वे इन मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाएं।

विधानसभा परिसर में दिखा विरोध का अनोखा अंदाज

बजट सत्र के पहले ही दिन राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब सपा MLC आशुतोष सिन्हा वाराणसी में मंदिरों को तोड़े जाने के मुद्दे को उठाने के लिए साइकिल पर अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीर लेकर विधानसभा पहुंचे। इस प्रतीकात्मक विरोध ने सत्र की शुरुआत में ही सियासी तापमान बढ़ा दिया।

सत्र का कार्यक्रम

  • 9 फरवरी 2026: राज्यपाल का अभिभाषण
  • 10 फरवरी: वर्तमान व पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि
  • 20 फरवरी तक: सदन की कार्यवाही प्रस्तावित

आगामी दिनों में बजट पेश होने के साथ-साथ सदन में तेज बहस, नारेबाजी और हंगामे के पूरे आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button