आसाराम को अंतरिम जमानत पर पीड़िता के पिता की मायूसी, बोले- “अब सब कुछ मैनेज हो रहा है”

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  शाहजहांपुर : नाबालिग से दुराचार मामले में आसाराम को तीन महीने की अंतरिम जमानत मिलने से पीड़िता के पिता हताश और निराश हैं। उनका कहना है कि जब आसाराम जेल में था, तो उन्हें न्याय की उम्मीद थी, लेकिन अब वह सब कुछ मैनेज कर रहा है।

पीड़िता के पिता ने बताया कि पहले उसे 7 दिन, फिर 12 दिन, ढाई माह और अब तीन महीने की जमानत मिल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वकील ने आपत्ति दाखिल करने में लापरवाही बरती, जिससे आसाराम को यह राहत मिल गई। उनका मानना है कि जब से आसाराम जेल से बाहर आया है, उसके समर्थक दावा कर रहे थे कि वह वापस नहीं जाएगा, जो अब सच साबित हो रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति बीमारी का हवाला देकर जेल से बाहर आया, वह इंदौर, उज्जैन और सूरत में घूम रहा है और अनुयायियों से मिल रहा है। इससे उनके परिवार को खतरा बढ़ गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता के घर सुरक्षा गारद तैनात है, दो गनर दिए गए हैं और सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। पुलिस लगातार उनकी सुरक्षा की निगरानी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button