विमेन प्रीमियर लीग: इकाना स्टेडियम में तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखनऊ : आगामी 3, 6, 7 और 8 मार्च 2025 को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, लखनऊ में विमेन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के चार मैच खेले जाएंगे। इनके सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी विशाख जी0 ने इकाना स्टेडियम के पदाधिकारियों, आयोजकों, बीसीसीआई और यूपीसीए के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुव्यवस्थित आयोजन पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्टेडियम में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन हो और जिला प्रशासन व स्टेडियम अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि आयोजन इस तरह से हो कि खिलाड़ी और दर्शक यहां से अच्छा अनुभव लेकर जाएं।

मुख्य दिशा-निर्देश:

  1. सुरक्षा ऑडिट: लोक निर्माण विभाग द्वारा संपूर्ण स्टेडियम और आसपास के क्षेत्र की संरचनात्मक सुरक्षा का ऑडिट कर सर्टिफिकेट जारी किया जाए।
  2. सफाई व्यवस्था: नगर निगम और इकाना स्टेडियम की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से स्टेडियम के बाहरी हिस्से की सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, स्टेडियम के बाहर पार्किंग क्षेत्र में पेयजल की उचित व्यवस्था की जाए।
  3. जल और शौचालय सुविधा: जल संस्थान द्वारा पार्किंग क्षेत्र और स्टेडियम परिसर के बाहर पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाए। नगर निगम द्वारा मोबाइल शौचालय की सुविधा भी सुनिश्चित की जाए।
  4. खाद्य सुरक्षा: खाद्य सुरक्षा विभाग स्टेडियम के अंदर व बाहर फूड सैंपलिंग के लिए टीमें गठित करे। चयनित वेंडरों द्वारा बेचे जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए।
  5. चिकित्सा सुविधा: मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया गया कि स्टेडियम के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाए। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्टेडियम के निकट दो मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएं, जिनमें पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ और विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए जाएं। यूपीसीए और आयोजकों को निर्देशित किया गया कि टीमों के साथ डॉक्टर्स की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
  6. अन्य व्यवस्थाएँ: स्टेडियम प्रशासन को परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और अंतर्विभागीय समन्वय के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी सरोजनीनगर डॉ. सचिन वर्मा, अपर नगर आयुक्त, डीसीपी साउथ निपुन अग्रवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button