राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूूज नेटवर्क
लखनऊ। लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर भाजपा को हार मिली है, अब इसका ठीकरा वहां के जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों पर फूटेगा। भाजपा हाईकमान ने हार वाली सीटों पर भाजपा के जिलाध्यक्ष बदलने की तैयारी कर ली है। इसके अलावा कई महानगर अध्यक्ष भी बदले जाएंगे।
वहीं एक जिले में दो वर्ष का कार्यकाल पूरा चुके जिलाध्यक्ष भी बदलने की तैयारी है। भाजपा हाईकमान ने सदस्यता अभियान के बाद पार्टी का संगठनात्मक चुनाव कराने की तैयारी कर ली है। अक्टूबर में सदस्यता अभियान का दूसरा चरण समाप्त हो जाएगा। सूत्रों की मानें तो हाईकमान ने करीब 50 जिलों के अध्यक्ष बदलने की तैयारी की है। नए जिलाध्यक्ष के चयन के लिए स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से फीड बैक भी लिया जा रहा है। खासतौर पर लोकसभा चुनाव में उनकी सक्रियता के संबंध में जानकारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार इसका असर जिले व मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक नजर आएगा।















































































































































































































































































































