राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।

लखनऊ ; प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मानसून सत्र शुरू होने से पहले मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सत्र में विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। प्रदेश का विकास और आम जन की समस्याओं का निस्तारण की प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।


विधानभवन परिसर में हुई पत्रकार वार्ता में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व व मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश, देश की सबसे बड़ी उभरती हुई अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हुआ है। प्रदेश ने विगत सात वर्षों में काफी विकास कियसा है। उन्होंने कहा कि आज से उत्तर प्रदेश विधानमण्डल का मानसून सत्र प्रारम्भ हो रहा है। श्रावण मास देवाधिदेव भगवान शिव को समर्पित माह होता है। जहां एक ओर इस माह में शिव भक्त बड़े पैमाने पर कांवड़ यात्रा निकाल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जनता जनार्दन की सेवा के लिए जन प्रतिनिधिगण प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाएंगे। वर्तमान सत्र में प्रदेश की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनुपूरक मांगे प्रस्तुत की जाएंगी। मुख्यमंत्री जी ने सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने तथा प्रदेश के विकास में अपना सहयोग व योगदान देने के लिए सत्ता पक्ष व विपक्ष के सदस्यों से अपील की। कहा कि विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। प्रदेश सरकार, प्रदेश के विकास तथा जनता जनार्दन से जुड़ी हुई प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, संसदीय कार्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह व श्री जसवंत सैनी, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *