राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
मल्लावां-हरदोर्ई। राम नाम का जाप करने से मनुष्य भवसागर पार कर जाता है। रामचरित मानस मनुष्य को श्रेष्ठ मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इसकी चौपाइयों का मनुष्य अपने जीवन में अनुसरण करें। यह बात आध्यात्मिक प्रवचन एवं संत सम्मेलन के समापन पर जगतगुरू महामंडलेश्वर आत्मानंद सरस्वती जी महाराज ने कही।
शांति सत्संग मंच श्यामपुर के 51 वर्ष पूरे होने पर संत सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसका समापन जगतगुरू महामंडलेश्वर आत्मानंद सरस्वती जी महाराज के द्वारा प्रभु राम का राज्यभिषेक व दीप यज्ञ के साथ हुआ। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत देश ही एक ऐसा देश है जहां पर हर यज्ञ अनुष्ठान एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में पूरे विश्व के कल्याण की प्रार्थना की जाती है। यह सब ईश्वर की कृपा और भारत देश के संत महात्माओं के तप का प्रभाव है। राम राज्याभिषेक के समय आयोजक सुरेश चंद गुप्ता, दिनेश चंद्र गुप्ता, उमेश चंद,्र प्रकाश चंद गुप्ता ,डॉ अशोक चंद्र गुप्ता एवं संतोष चंद्र गुप्त ने राम दरबार का पूजन अर्चन किया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि विशाल जायसवाल, पूर्व चेयरमैन अजय मुंशी, पूर्व सभासद एवं पत्रकार विपिन सोनी , पूर्व सभासद विजय त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोगों ने संत महात्माओं का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम के समापन पर दीप यज्ञ के द्वारा आत्म कल्याण व विश्व के कल्याण की प्रार्थना की गई।