राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।

लखनऊ। सावन के दूसरे सोमवार पर शिव मंदिरों पर भोर के पहर से ही भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। एक बार भक्तों के आने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह देर शाम तक नजर आया। लंबी लाइन में लगने के बाद भक्तों ने जलाभिषेक कर भोले की आराधना की। इस दौरान बम-बम भोले और हर-हर महादेव के उदृघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहे।


सावन के दूसरे सोमवार को लेकर प्रमुख शिव मंदिर रविवार से ही सज गए थे। डालीगंज स्थित प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर में इस मौके पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के द्वार सुबह चार बजे ही खोल दिए गए थे। इसके बाद भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई। भक्तजन अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए भगवान शिव के इस मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते नजर आए। ऐसा माना जाता है कि मनकामेश्वर मंदिर में की गई हर पूजा विशेष फलदायी होती है और भगवान शिव अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएँ पूरी करते हैं। यहाँ आए भक्तगण अपने परिवार और प्रियजनों के लिए मंगल कामनाएँ करते हुए फूल, बेलपत्र, और जल चढ़ा रहे थे। सावन के महीने में हर सोमवार को इस मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन होता है। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। प्रशासन ने भी भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ देर शाम तक नजर आई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *