राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
हरियावां। सावन के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों का जत्था छोटीकाशी गोला गोकर्णनाथ लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गया। इससे पहले नगर में धूमधाम से कांवड़ यात्रा निकाली गई। लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
मदरावां गांव के समाजसेवी विवेक सिंह आशू के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ यात्रा में वाहनों पर सवार कांवड़िये बम-बम भोले के जयकारों के साथ अबीर गुलाल उड़ा रहे थे। कुछ कांवड़िये भक्ति गीतों पर नृत्य भी कर रहे थे। यात्रा में लोग तिरंगा भी लहरा रहे थे। कांवड़ यात्रा को देखने के लिए बाजार में सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ लग गई। यात्रा पर लोगों ने पुष्प वर्षा की। बिलहरी चौराहे पर आए वहां के लोगों ने अबीर गुलाल उड़ाकर उनका स्वागत किया। बम-बम भोले के जयकारों के बीच कांवड़िये छोटीकाशी गोला गोकर्णनाथ लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए।