राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।

हरदोर्ई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती को जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सबसे पहले जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने पुलिस लाइन के सामने गांधी पार्क में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया व पुष्पांजलि अर्पित की। 


जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा झंडा फहराया तथा गांधी जी व शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने सम्बोधन में दोनों महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गाँधी जी का जीवन संघर्षमय रहा। दक्षिण अफ्रीका में रहने के दौरान उन्होंने अनवरत रंगभेद के विरुद्ध संघर्ष किया। भारत आने के बाद चम्पारण सत्याग्रह से अपने संघर्ष की शुरुआत की। चम्पारण सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन व सविनय अवज्ञा आंदोलन ने अंग्रेजी सरकार को हिला दिया। शास्त्री जी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जय जवान जय किसान का नारा देकर देशवासियों को प्रेरित किया। शास्त्री जी जब प्रधानमंत्री बने तो देश अन्न संकट के दौर से गुजर रहा था। 


उनके द्वारा दिए गए नारे ने देश के किसानों के अधिक अन्न उपजाने के लिए प्रेरित किया। उनके द्वारा कुछ स्वच्छाग्रहियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अन्य अधिकारियों के साथ वाटिका में स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कलेक्ट्रेट परिसर के उपरांत जिलाधिकारी ने गांधी भवन में झंडारोहण किया व गाँधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने गाँधी जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी को देखा। जिलाधिकारी ने स्वयं चरखा चलाया। विभिन्न धर्मो के लोगों ने एक ही मंच से अपने अपने धर्म की बातें की। बच्चों ने देशभक्ति आधारित गीतों पर कार्यक्रम प्रस्तुत किये। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *