
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़
बिहार में चुनावी घमासान अब पूरे शबाब पर है। जैसे-जैसे 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग की तारीख नजदीक आ रही है, सियासी पारा चरम पर पहुंच चुका है। इस बार मुकाबला पारंपरिक से हटकर कुछ अलग और दिलचस्प बनता दिख रहा है। तीन ध्रुवों में बंटे इस चुनाव में एक ओर हैं एनडीए के अनुभवी नीतीश कुमार, दूसरी ओर महागठबंधन की अगुवाई कर रहे युवा नेता तेजस्वी यादव, और तीसरी ओर हैं चुनावी मैदान में पहली बार उतर रहे रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर।
इसी सियासी पृष्ठभूमि में C-Voter द्वारा कराए गए एक ताजा सर्वे ने राज्य की राजनीति को एक नया मोड़ दे दिया है। सर्वे में जब जनता से पूछा गया कि वे मुख्यमंत्री पद के लिए किसे सबसे उपयुक्त मानते हैं, तो नतीजे काफी चौंकाने वाले आए हैं।
तेजस्वी यादव पर सबसे ज्यादा भरोसा
सर्वे के मुताबिक, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव को बिहार के मतदाताओं ने सबसे ज्यादा पसंद किया है। 36.5% लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पहली पसंद बताया है। यह आंकड़ा साफ दर्शाता है कि तेजस्वी की लोकप्रियता अब केवल युवाओं या पिछड़े वर्गों तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने व्यापक जनसमर्थन हासिल किया है।
नई एंट्री में धमाका: प्रशांत किशोर दूसरे नंबर पर
इस बार की सियासी चर्चा का बड़ा हिस्सा बटोरने में कामयाब रहे हैं प्रशांत किशोर। पहली बार अपनी पार्टी ‘जन सुराज’ के साथ विधानसभा चुनाव में उतर रहे किशोर ने सीधे जनता से जुड़कर जो पैठ बनाई है, वह सर्वे में साफ नजर आई। 23.2% लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया है। एक ऐसे नेता के लिए यह आंकड़ा चौंकाने वाला है जो पहली बार चुनावी दौड़ में शामिल हुआ है।