
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
भारत में गर्मी के बाद लोगों को सबसे ज़्यादा इंतज़ार जिस मौसम का रहता है, वो है मानसून। इस साल यह इंतज़ार थोड़ा कम हो सकता है, क्योंकि मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आमतौर पर केरल में मानसून की शुरुआत 1 जून के आसपास होती है, लेकिन इस बार यह मई के अंत तक ही पहुंच सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह किसानों, जल संकट झेल रहे इलाकों और आम जनता के लिए राहत की खबर हो सकती है।
भारतीय मौसम विभाग अगले कुछ हफ्तों में और सटीक जानकारी देने की तैयारी में है। साथ ही, समुद्र की सतह के तापमान और हवाओं के पैटर्न को भी लगातार मॉनिटर किया जा रहा है, जिससे पूर्वानुमान और बेहतर किया जा सके।
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर मानसून की शुरुआत जल्दी होती है और यह सामान्य या उससे बेहतर रहता है, तो खरीफ फसलों की बुवाई पर इसका सकारात्मक असर पड़ सकता है।
हालांकि मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभी यह सिर्फ शुरुआती पूर्वानुमान है, और मानसून की सटीक तारीखें जल्द ही जारी की जाएंगी।