
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
अयोध्या : अयोध्या में बृहस्पतिवार की भोर में मौसम ने करवट ली। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं और बारिश हुई। मवई, रूदौली, मिल्कीपुर और सोहावल क्षेत्र में यह नजारा देखने को मिला। जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह पानी भर गया है। तेज हवाओं से आम के पेड़ों को नुकसान पहुंच रहा है। किसानों का कहना है कि इस बार आम की फसल अच्छी है। लेकिन लगातार तेज हवाओं और आंधी से फल गिर रहे हैं। जायद की फसल को बारिश से फायदा हुआ है। गन्ना किसान बिजली की समस्या से परेशान थे। बार-बार कटौती से सिंचाई में दिक्कत आ रही थी। बारिश ने उनकी यह समस्या हल कर दी है। सुबह से बादलों की आवाजाही जारी है। शादी-तिलक और एट-होम कार्यक्रम वालों को मौसम की चिंता सता रही है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 90 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत रही। हवा की गति 4.1 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चल रही है। आने वाले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है। हवा पूर्व दिशा से सामान्य गति से चलेगी। तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।