
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में मंगलवार को आजाद समाज पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया। हजरतगंज स्थित शर्मा चाय वाले की दुकान पर पहुंच कर नारेबाजी किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक ने कहा कि शर्मा चाय के दुकानदार संविधान विरोधी है। एक वायरल वीडियो में यह स्पष्ट हुआ कि यह संविधान को नहीं मानते। शर्मा चाय की दुकान पर बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। इसके बाद शर्मा चाय के दुकानदार ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और कहा कि संविधान सर्वश्रेष्ठ है। प्रदर्शनकारियों के सामने उन्होंने कहा कि संविधान से बड़ा कुछ भी नहीं और हम लोग संविधान मानते हैं। विगत कई दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें शर्मा चाय के दुकानदार ये कहते हुए नजर आ रहे थे कि मनुस्मृति ऊपर है। संविधान उसके बाद है। उन्होंने कहा था कि हम पहले मनुस्मृति को मानते हैं। इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर चौतरफा विरोध शुरू हो गया था। सोशल मीडिया पर शर्मा चाय का बायकाट करने की मुहिम भी चलाई गई थी। इसी वायरल वीडियो को संज्ञान लेते हुए आजाद समाज पार्टी ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे अनिकेत धानुक ने कहा कि संविधान से बड़ा कुछ भी नहीं है। संविधान किसी एक धर्म और जाति का नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक भारतीय के लिए सर्वोपरि है। जो लोग संविधान का विरोध कर रहे हैं, दरअसल वह लोग भारत का विरोध कर रहे हैं। ऐसे किसी भी व्यक्ति को माफ नहीं किया जाएगा, जो संविधान और देश विरोधी हैं। यह देश संविधान से चलता है और चलेगा। हर व्यक्ति को संविधान को मानना पड़ेगा।