राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।

लखनऊ। विधानसभा में चल रहे मानसून सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर जमकर कटाक्ष किया। खासतौर पर अपराधिक मामलों में सपा पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर उन्होंने सवाल उठाए। सदन में उन्होंने कहा कि सपा के तमाम पदाधिकारी अपराधिक मामलों में लिप्त हैं। इसके बाद भी सपा हाईकमान उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। अब अगर मामला संज्ञान में आने पर ऐसे पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाती है तो कहा जाता है कि प्रदेश सरकार अन्याय कर रही है।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या का मामला उठाते हुए कहा कि वहां का मोइन खान समाजवादी पार्टी का नेता है। इतना ही नहीं अयोध्या के सांसद की टीम का सदस्य है। मोइन खान पर 12 साल की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। इसके बाद भी वह सांसद के साथ घूम रहा है। हरदोई में अधिवक्ता की हत्या का मामला उठाते हुए सीएम ने कहा कि इस मामले में वहां के सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव पर आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र यादव पर करीब 28 गंभीर मामले हैं। गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई हो चुकी है। तमाम मामलों में तो तब कार्रवाई हुई जब प्रदेश में सपा की सरकार थी। अब अगर ऐसे लोगों पर इस सरकार पर कार्रवाई की जा रही है तो सपाई कहते हैं कि साहब गोली मार रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज पर कलंक हैं। जब तक उनको हटाएंगे नहीं तब तक यूपी को ठीक करने में कठिनाई होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *